VS News India | Jind : – विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री करेंगे सम्बोन्धित, महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हर गांवों में आयोजित होगीं विशेष ग्राम सभाएं : एडीसी डॉ. सत्येन्द्र दुहन जीन्द 2 , मार्च अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. सत्येन्द्र दुहन ने कहा कि 8 मार्च को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित होने वाली पिंकाथन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई है। प्रात: सात बजे शुरू होने वाली इस पिंक मैराथन में हजारों की संख्या में महिलाएं गुलाबी परिधान पहनकर हिस्सा लेंगी। डॉ. सत्येन्द्र दुहन ने यह विचार स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में पिंकाथन की तैयारियों को लेकर आयोजित हुई विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किये। उन्होंने पिंकाथन के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की डयूटियां भी निर्धारित की और निर्देश दिये कि वे अपनी डयूटी को पूरी कर्तव्य निष्ठा के साथ निभाते हुए इसका सफल आयोजन करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक महिलाएं हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि पिंकाथन की शुरूआत स्थानीय एकलव्य स्टेडियम से करवाई जायेगी। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे पिंक मैराथन के लिए रूट प्लान तैयार करना सुनिश्चित करें। यह पिंकाथन पांच व दस किलोमीटर की होगी। कोई भी महिला इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए www.mahiladiwasmarothon.in वैबसाईट पर ऑनलाईन पंजीकरण करवा सकती है। पंजीकरण का कार्य आगामी 6 मार्च तक करवाया जा सकता है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे पिंकाथन में भाग लेने वाली महिलाओं के लिए गुलाबी टोपी की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि पिंकाथन में महिला कर्मचारी एवं अधिकारी भी भाग ले सकती है, इसलिए वे भी समय रहते अपना पंजीकरण करवा ले।
उन्होंने कहा कि पिंकाथन के उपरान्त प्रात: दस बजे स्थानीय प्रियदर्शनी इन्दिरा गांधी महाविद्यालय के सभागार में विभिन्न क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल गुरूग्राम जिले से वीडियों कॉन्फ्रैसिंग के जरिये इन महिलाओं को सम्बोन्धित करेंगे। उन्होंने जिला विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस दिन सभी गांवों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन करवायें। इन ग्राम सभाओं का मुख्य एजेण्डा महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा महिला सशक्तिकरण विषयों पर आधारित होना चाहिए। ग्राम सभाओं की फोटो या विडियोग्राफी भी करवायें ताकि पता चल सके कि सभी गांवों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन हो चुका है। बैठक में जींद के एसडीएम सत्यवान सिंह मान, सफीदों के एसडीएम मंदीप कुमार, नरवाना के एसडीएम जयदीप कुमार, उचाना के एसडीएम राजेश कोथ, जिला शिक्षा अधिकारी मदन सिंह, जिला महिला बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी ऊषा मुआल, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी विनोद बाला समेत कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
