VS News India | Sanjay Kumar | Safidon :- सफीदों के रामलीला मैदान से शनिवार को शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का संयोजन सफीदों विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रहे पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने किया। यात्रा में बतौर मुख्यातिथि महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने शिरकत की। वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष राजकुमार मोर, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट विजयपाल सिंह, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष अमरपाल राणा, सफीदों मंडल अध्यक्ष हरीश शर्मा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रिंस मुद्गिल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कविता शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की। जिलाध्यक्ष राजकुमार मोर व यात्रा के संयोजक बचन सिंह आर्य ने राज्यमंत्री कमलेश ढांडा का स्वागत किया। राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने तिरंगा यात्रा को रामलीला मैदान से ध्वज दिखाकर रवाना किया। यात्रा के साथ स्वयं राज्यमंत्री कमलेश ढांडा भी साथ-साथ चलीं। यह यात्रा नगर के रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर महाराजा अग्रसैन चौंक, महाम्त्मा गांधी मार्ग, नागक्षेत्र चौंक से होते हुए वापिस प्रारंभ स्थल पर आकर समाप्त हो गई। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा झंडा लिए हुए भाजपा कार्यकत्र्ताओं के द्वारा भारत माता की जय तथा वंदे मातरम के गगनभेदी नारे लगाए जा रहे थे। यात्रा को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के कुशल नेतृत्व व बेहतरीन सोच के मद्देनजर शहीदों को सम्मान देने के लिए पूरे प्रदेश में एक अगस्त से 15 अगस्त तक विधानसभा स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही है। इस तिरंगा यात्रा को जनता के हर वर्ग का भरपूर समर्थन मिल रहा है। सफीदों की जनता व भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने यात्रा में जोश व उमंग के साथ भारी संख्या में भाग लेकर नया इतिहास रचने का काम किया है।

देश को आजाद करवाने व शरहदों की रक्षा करने में वीर जवानों का हमेशा अग्रणी योगदान रहा है। प्रदेश के किसानों व युवाओं समेत देशभक्ति से सराबोर लोगों ने राजनीति, जाति, धर्म और मजहब से ऊपर उठकर व एकजुट होकर वीर शहीदों की याद में तिरंगा यात्रा निकाल कर उनको सच्ची श्रद्धांजलि देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश को आजाद करवाने में और देश की सीमाओं को सुरक्षित रखने में जिन लाखों लोगों ने शहादत दी, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश के शहीदों को सम्मान देने के लिए पार्टी द्वारा प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा निकाल रही है। यात्रा के संयोजक पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने कहा कि हमारा जवान देश की आन, बान और शान को बचाए रखने के लिए कभी पीछे नहीं हटता। हर युद्ध में हमारे वीर जवानों ने कुर्बानियां देकर देश की रक्षा की है। भारतीय जनता पार्टी इन गुमनाम शहीदों की याद में शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा के माध्यम से उनको श्रद्धांजलि दे रही है। अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष राजकुमार मोर ने कहा कि शहीदों ने अपना सर्वोच्च बलिदान देकर देश को आजाद करवाया है। ये वीर हमारे देश की आन बान शान थे, हैं और हमेशा रहेंगे। तिरंगा यात्रा के जरिए भाजपा अपने श्रद्धासुमन अर्पित कर रही है। सभी शहीद हमेशा हमारे लिए स्मरणीय और प्रेरणादायक रहेंगे। शहीदों के बलिदान से ही देश सुरक्षित है। भाजपा ही एकमात्र राजनीतिक पार्टी है जो राष्ट्र की सेवा करने वाली पार्टी है। उन्होंने बताया कि उचाना विधानसभा में 3 अगस्त को यात्रा निकाली जा चुकी है। उसके बाद 9 अगस्त को जुलाना, 12 अगस्त को नरवाना व 14 अगस्त को जींद में यह यात्राएं निकाली जाएंगी।

