VS News India | Reporter – Sanju | Safidon : – उपमंडल के डिडवाड़ा गांव से गायब 2 मुस्लिम बच्चियों में से एक लडक़ी का शव शुक्रवार देर सांय बरामद हुआ है। लडक़ी का यह शव गांव साहनपुर के नजदीक हांसी ब्रांच नहर में अर्धनग्र अवस्था में मिला है। शव मिलने पर क्षेत्र में हडकंप मच गया। किसी ने इसकी जानकारी सफीदों पुलिस व परिजनों को दी। सूचना पाकर सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और नहर से लडक़ी का शव निकलवाया। वहीं परिजनों ने लडक़ी के शव की शिनाख्त कर ली है। मिली जानकारी के अनुसार हांसी ब्रांच नहर की पटरी पर साहनपुर गांव के युवक सांय को दौड़ लगाते है। दौड़ लगाते वक्त युवकों की नजर नहर के अंदर पड़ी तो उन्होंने देखा कि नहर में कोई शव पड़ा हुआ है। उन्होंने इस मामले की सूचना साहनपुर गांव के ग्रामीणों को दी और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। डिडवाड़ा गांव में बच्चियों के गायब होने का साहनपुर के लोगों को भी जानकारी थी और साहनपुर गांव के लोगों ने डिडवाड़ा गांव के लोगों को मामले की जानकारी दी। तब डिडवाड़ा गांव के लोग व बच्चियों के परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं एएसपी अजीत सिंह शेखावत व एस.एच.ओ. सदर धर्मबीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव का निकलवाया। गौरतलब है कि उपमंडल के डिडवाड़ा गांव से 2 बच्चियों के गायब होने का मामला सामने आया था। इस संबंध में बच्चियों के परिजनों ने सफीदों सदर थाना में शिकायत दी थी। सफीदों पुलिस को दी शिकायत में डिडवाड़ा गांव निवासी लड़कियों के पिता जुम्मा ने कहा था कि वह गत रात्रि करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ सो गया था।

वीरवार सुबह उसके बड़े भाई की पत्नी ने आकर हमें जगाया। जुम्मा ने शक जाहिर किया था कि शायद किसी ने उन्हे नशीला पदार्थ खिला दिया था, जिसकी वजह से वे देर से उठ पाए थे। जब उसने उठकर देखा तो पाया कि उसकी बेटियां 11 वर्षीय मुस्कान व 7 वर्षीय निशा घर पर नहीं थीं। उन्होंने अपनी दोनों बच्चियों को गांव, आस-पड़ौस व रिश्तेदारियों में काफी तलाश किया लेकिन दोनों लड़कियों का कोई अता पता नहीं चला। इस संबंध में सफीदों पुलिस ने धारा 346 आई.पी.सी. के तहत मामला दर्ज किया था। गायब हुई इन दो लड़कियों में से निशा (7) का शव बरामद हुआ है। जैसे ही ग्रामीणों को शव मिलने की जानकारी मिली मौके पर सैंकड़ों की तादाद में लोग जमा हो गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही थी। वहीं पुलिस इस मामले में कई एंगल से जांच कर रही है। इस मौके पर लडक़ी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था तथा मौके पर मौजूद लोग इस कांड की निंदा कर रहे थे।
