VS News India | Reporter – Sanju | Safidon : – उपमंडल के डिडवाड़ा गांव से गायब हुई दो नाबालिग लड़कियों में से एक लड़की का शव अर्धनग्र अवस्था में शुक्रवार देर सांय साहनपुर गांव के पास एक नहर से बरामद हो गया था, लेकिन दूसरी लड़की की बरामदगी को लेकर शनिवार सारा दिन कई गांवों के ग्रामीण व पुलिस जुटी रही। पुलिस की ओर से एएसपी अजीत सिंह शेखावत व एसएचओ धर्मबीर सिंह तथा प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार रामपाल शर्मा मौके पर मौजूद थे। ग्रामीण दूसरी लड़की की तलाश में शनिवार सुबह ही कई स्थानों पर जुट गए थे। लेकिन इसी बीच सरना खेड़ी गांव के मामन नामक ग्रामीण जोकि बोल नहीं सकता ने इशारों-इशारों में जानकारी दी कि उसे डिडवाड़ा व सरनाखेडी़ के बीच नहर में एक पल्ली में बंधा हुआ कुछ नहर में बहते हुए देखा है। मामन की इस जानकारी पर ग्रामीणों व पुलिस का पूरा ध्यान इस नहर पर केंद्रित हो गया। उन्होंने अपनी पूरी ऊर्जा उसी स्थान पर लगा दी जो जगह ग्रामीण मामन ने बताई थी। मौके पर जुटे सैंकड़ों ग्रामीणों में से कुछ लोग रस्सी के सहारे नहर में उतर गए और लड़की को ढूंढने का काफी प्रयास किया लेकिन नहर में खरपतवार व बड़ी-बड़ी घास खड़ी होने के कारण ग्रामीणों को सांय तक कोई सफलता हासिल नहीं हुई। उधर प्रशासन की ओर से करनाल से गोताखोरों को बुलाया गया और वे सर्च अभियान में जुट गए थे। उधर नहरी विभाग के एसडीओ विजेंद्र बुरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुझाव दिया कि इस घास व खरपतवार को बड़ी क्रेन के माध्यम से निकाला जा सकता है। उसके बाद के्रन को भी मौके पर बुलाने के लिए कहा गया है।

मिली लड़की का पीजीआई में होगा पोस्टमार्टम
शुक्रवार सांय को मिली एक लड़की के शव का पीजीआई में मेडीकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। शुक्रवार रात को नहर में मिली लड़की के शव को सफीदों के नागरिक अस्पताल में रखा गया था लेकिन शव का पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल की बजाए पीजीआई में करवाए जाने का निर्णय लिया गया। शनिवार दोपहर को लड़की का शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई ले जाया गया था।

ग्रामीण मामन की निशानदेही पर चल रही है तलाश
शनिवार को जब दूसरी लड़की की तलाश चल रही थी उस वक्त साहनपुर गांव के बोलने में अक्षम ग्रामीण मामन ने इशारों-इशारों में कुछ बताने का प्रयास किया लेकिन कुछ समझ ना आने की स्थिति में मामन के लड़के को मौके पर बुलाया गया। उस लड़के ने अपने पिता द्वारा इशारों-इशारों में बताई गई बातों को सबको बताया। मामन ने बताया कि वह खेत में काम कर रहा था कि उस वक्त उसने इस नहर में पल्ली में बंधा कुछ जाता हुआ दिखाई पड़ा था। उसके इसी बात पर दूसरी लड़की की तलाश अभियान चल रहा हैै।

दो लड़कियों में से एक लड़की का मिल चुका है शव
डिडवाड़ा गांव से गायब दो लड़कियों के पिता जुम्मा की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस को दी शिकायत में जुम्मा ने कहा था कि वे रात्रि को करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ सो गया था। सुबह उसके बड़े भाई की पत्नी ने आकर हमें जगाया। जुम्मा ने शक जाहिर किया था कि शायद किसी ने उन्हे नशीला पदार्थ खिला दिया था, जिसकी वजह से वे देर से उठ पाए थे। जब उसने उठकर देखा तो पाया कि उसकी बेटियां 11 वर्षीय मुस्कान व 7 वर्षीय निशा घर पर नहीं थीं। घटना के अगले दिन नहर की पटरी पर साहनपुर गांव के युवक सांय को दौड़ लगा रहे थे कि उन्होंने नहर के अंदर एक शव पड़ा देखा और शव को कुत्ते नोच रहे थे। उन्होंने इस मामले की सूचना साहनपुर व डिडवाड़ा के ग्रामीणों को दी। जिसकों लेकर डिडवाड़ा गांव से बच्चियों के परिजन व आसपास के गांवों के काफी ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं एएसपी अजीत सिंह शेखावत व एसएचओ सदर धर्मबीर सिंह की अगुवाई में पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को निकलवाया था। परिजनों ने भी शव की शिनाख्त कर ली थी।
क्या कहते हैं एसएचओ?
इस मामले में एसएचओ धर्मबीर सिंह का कहना है कि एक लड़की का शव पहले बरामद हो चुका है और दूसरी लड़की की तलाश जारी है। सरनाखेड़ी-बडौद के बीच नहर में सर्च अभियान चलाया गया है। लड़की की तलाश जारी है। करनाल से गोताखोरों को बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्र्ट के बाद धारा 302 जोड़कर मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाऐंगी।
