VS News India | Reporter – Vinay Balmiki | Shravasti : – श्रावस्ती जनपद में एक अजीबो-गरीब मामला प्रकाश में आया है। जहां करीब ढाई माह पूर्व दफन किये गए एक शव को आज निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के बेटे ने हत्या कर शव को जबरियन दफनाने का आरोप लगाया था। जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर यह पूरी कार्यवाई की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।भिनगा कोतवाली क्षेत्र के भंगहा बाजार निवासी अमेरिका का शव करीब ढाई माह पूर्व 20 सितंबर 2019 को गांव के बाहर स्थित नाले में मिला था। उस दौरान कहा गया की अमेरिका मछली मारने गया था और पैर फिसलने के दौरान पानी मे चला गया जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। और इसी को आधार मानते हुए शव का पंचनामा कराए बगैर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया था। जो सवालों के घेरे में था। घटना के दौरान अमेरिका का बेटा अरुण परदेश था। वापस लौटने के बाद गांव के कुछ दबंगो पर अपने पिता को मारने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि गांव के दबंगो को कुछ समय पहले उसके पिता ने बलात्कार के आरोप में जेल भिजवाया था। उसी का बदला लेने के लिए उस दिन जब वे मछली मारने गए थे तब पहले उनकी हत्या की गई और शव को छिपाने के लिए पानी मे फेंक दिया गया। बाद में उन्ही दबंगो के इशारे पर उसकी माँ से सादे कागजात पर हस्ताक्षर कराए गए और बिना पोस्टमार्टम के शव को दफना दिया गया।परदेश से वापस लौटने के बाद अरुण ने अपने पिता को न्याय दिलाने का प्रण लिया। पुलिस से मदद न मिलती देख उसने न्यायालय का सहारा लिया। उसका प्रयास सफल हुआ और 25 अक्टूबर को न्यायालय ने भिनगा कोतवाली को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट का आदेश मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और रिपोर्ट दर्ज करने के बाद न्यायालय के आदेश पर पोस्टमार्टम के लिए तहसीलदार राजकुमार पांडेय ने आज शव को कब्र से बाहर निकलवाया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी राजीव मिश्रा भी दलबल के साथ मौजूद रहे।
