अपनी जन्मभूमि गाँव सिंघाना को समर्पित की उपलब्धि।
VS News India | करनाल: शहर के प्रमुख शिक्षाविद् व राजनीतिक-सामाजिक विश्लेषक डा. अनिल सिंघानिया के नाम विशिष्ट उपलब्धि दर्ज हुई है। उन्हें राजस्थान के राजगढ़ स्थित ओपीजेएस यूनिवर्सिटी में मानद उपाधि से नवाजा गया। इस सम्मान पर शैक्षिक, सामाजिक, राजनीतिक क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने हर्ष व्यक्त किया। करीब दो दशक से शैक्षिक और सामाजिक क्षेत्र में सतत सक्रिय डा. अनिल सिंघानिया की गिनती कुशल राजनीतिक विश्लेषकों में की जाती है

हाल में राजस्थान के राजगढ़ स्थित विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में उन्हें चेयरमैन डा. राकेश सहरावत ने मानद उपाधि प्रदान की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वालीं कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं। उल्लेखनीय है कि डा. सिंघानिया विधिक क्षेत्र में अच्छे कैरियर की चाह रखने वाले युवाओं के लिए करनाल में क्लेट इंस्टीट्यूट संचालित कर रहे हैं तो वहीं सामाजिक संगठन यंग इंडिया लीडरशिप के संस्थापक के रूप में भी निरंतर क्रियाशील हैं।
इसी तरह बतौर सामाजिक कार्यकर्ता भी वह करनाल सहित राज्य के अन्य क्षेत्रों में लगातार सेवा प्रकल्प चला रहे हैं। अपने गृह जनपद जींद और कर्मस्थली करनाल सहित कई जिलों में उन्होंने विद्यार्थियों के शोध, अध्ययन के लिए पुस्तकालय बनवाए हैं। कई निर्धन परिवारों की बेटियों के शैक्षिक उन्नयन की दिशा में भी वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ योगदान कर रहे हैं। ओपीजेएस यूनिवर्सिटी की ओर से मानद उपाधि मिलने पर सामाजिक संस्था नेशनल इंटिग्रेटेड फोरम आफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स के चेयरमैन प्रीतपाल सिंह पन्नू, महासचिव प्रवेश गाबा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने इसे गर्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए बधाई दी।
